द्वाराहाट। द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान में उपनल के जरिये बाहरी लोगों की नियुक्ति का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय शिक्षित युवा रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं और यहां के संस्थान बाहरी लोगों को नियुक्त कर रहे हैं। इसी मामले में पूर्व विधायक व कैबिनेट मंत्री मदन सिंह बिष्ट ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों को अपना समर्थन देते हुए उनकी लड़ाई को अपनी लड़ाई बताया। पूर्व विधायक बिष्ट ने कहा कि भाजपा शासन में लगातार युवाओं का शोषण हो रहा है। प्रदेश के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के बजाए इस शासन में बाहरी लोगों को रोजगार मिल रहा है। पूर्व मंत्री बिष्ट ने कहा कि इस मामले में जल्द ही निदेशक व कालेज प्रबंधन से बात की जायेगी। यहां के युवाओं के साथ यह अन्याय बिल्कुल भी होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से ही स्थानीय लोगों की समस्याओं के लिए संघर्ष करते आए और अपने कार्यकाल में भी वह युवाओं को साथ लेकर चले। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने समर्थन के लिए पूर्व मंत्री बिष्ट का आभार व्यक्त किया।