भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ा अपडेट है। सेना ने अग्निवीर और जूनियर कमिश्नड ऑफिसर/अन्य रैंक की भर्ती के लिए आगामी ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा की समय-सारणी का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह बहुप्रतीक्षित देशव्यापी परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 12 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। परीक्षा को लेकर युवाओं का इंतजार खत्म हो चुका है और सेना ने 15 मई 2026 से ही आधिकारिक 'जॉइन इंडियन आर्मी' पोर्टल पर एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) लाइव कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार,इस विशाल भर्ती परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए देश के 206 शहरों में कुल 403 हाईटेक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न सैन्य भूमिकाओं के लिए योग्य और कुशल उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिसमें कुल 22 अलग-अलग भर्ती श्रेणियों के तहत अभ्यर्थियों की योग्यता और क्षमता का कड़ा मूल्यांकन होना है। उत्तराखंड के युवाओं का सेना से हमेशा से अटूट नाता रहा है। इस बार भी गढ़वाल क्षेत्र के हजारों पात्र उम्मीदवार इस परीक्षा में अपना भाग्य आजमाने उतर रहे हैं। सेना के अनुसार, गढ़वाल मंडल के हरिद्वार, देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के जांबाज अभ्यर्थी इस ऑनलाइन परीक्षा में शामिल होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनने की दौड़ में शामिल होंगे। सेना मुख्यालय ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए देश भर में व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने सभी आवेदकों को सख्त हिदायत दी है कि वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए तुरंत भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.com पर विजिट करें और अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें। उम्मीदवारों को विशेष रूप से सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर अंकित अपनी परीक्षा की पाली (शिफ्ट), आवंटित परीक्षा केंद्र का नाम और रिपोर्टिंग के समय से जुड़े कड़े दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि परीक्षा के दिन उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

