जिम के उपकरणों और सुविधाओं का मुख्यमंत्री ने किया बारीकी से निरीक्षण, फिटनेस पर दिया विशेष ध्यान

Blog
 Image

गैरसैंण। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में सोमवार से शुरू होने वाले बजट सत्र की गहमागहमी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक अलग ही अंदाज में नजर आए। सत्र की औपचारिक शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने सुबह की शुरुआत भराड़ीसैंण की शांत वादियों में सैर के साथ की। इस दौरान उन्होंने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि वहां तैनात कर्मचारियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

मुख्यमंत्री धामी जब भ्रमण पर निकले, तो उन्होंने वहां व्यवस्थाओं में जुटे सफाई कर्मियों, सुरक्षा में तैनात पुलिस के जवानों और विधानसभा सत्र के संचालन में सहयोग दे रहे अन्य सहायक कर्मचारियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनके पास जाकर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्र का सफल संचालन केवल सदन के भीतर की कार्यवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पर्दे के पीछे काम कर रहे हर एक कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान है। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री अचानक विधानसभा परिसर के रसोई गृह (किचन) जा पहुंचे। वहां उन्होंने सत्र के दौरान माननीयों और कर्मचारियों के लिए तैयार हो रहे भोजन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। सीएम ने कार्यरत रसोइयों और अन्य कर्मचारियों से बातचीत की और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रणाली और भोजन बनाने के दौरान आने वाली किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। सैर और निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा परिसर स्थित जिम पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय व्यायाम किया और जिम में मौजूद उपकरणों व सुविधाओं का जायजा लिया। अपनी फिटनेस के प्रति हमेशा सजग रहने वाले धामी ने कसरत के जरिए यह संदेश दिया कि व्यस्ततम राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच भी स्वास्थ्य के लिए समय निकालना आवश्यक है। मुख्यमंत्री की इस सहजता और जमीनी स्तर पर जाकर व्यवस्थाओं को देखने की कार्यशैली की भराड़ीसैंण में मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री का यह ऊर्जावान अंदाज चर्चा का विषय बना रहा।