सहसपुर विकास कार्यों से जनता का भरोसा मजबूत

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मिट्टीबेरी-परवल मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस मौके पर आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सहसपुर की जनता को करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का यह कार्य क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर और चौड़ी सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाएंगी, बल्कि व्यापार, कृषि और स्थानीय रोजगार को भी गति देंगी। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को देश का अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज विकास की किरण दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उन्हें गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर सीएम धामी ने महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति और युवा पीढ़ी राज्य के विकास की आधारशिला हैं, और सरकार उनके उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनसभा में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। “धामी भाई जिंदाबाद” के नारों के बीच मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सहसपुर में विकास की इस नई पहल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।