राज्य सरकार द्वारा समर्थित जीवनयापन लागत में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का समझौताहीन संघर्ष का संकल्प

Blog
 Image

देश और प्रदेश में बेलगाम होती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने रविवार को आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और दिग्गज नेताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रचंड प्रदर्शन किया। राजधानी देहरादून के व्यस्ततम एस्ले हॉल चौक से लेकर मसूरी के पिक्चर पैलेस तक, हर तरफ सरकार विरोधी नारों की गूंज सुनाई दी। उग्र कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को कोसते हुए सरकार का पुतला दहन किया और चेतावनी दी कि जब तक बढ़ी कीमतें वापस नहीं होतीं, आंदोलन थमेगा नहीं। रविवार को देहरादून का एस्ले हॉल चौक सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जमा हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

इस दौरान भाजपा सरकार का पुतला फूंकने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने कहा, "आज देश में महंगाई अपनी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। पहले रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम गृहिणियों के बजट को ध्वस्त किया गया और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर जनता की बची-कुची कमर भी तोड़ दी गई है। इस तानाशाही और कुनीतियों की मार सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्ग को भुगतनी पड़ रही है, जबकि देश के प्रधानमंत्री जनता के दर्द से बेखबर अपने विदेश दौरों में व्यस्त हैं। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र बिष्ट ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश महंगाई की चौतरफा मार से त्रस्त है और उत्तराखंड का आम नागरिक भी इससे अछूता नहीं है। बिष्ट ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, "पिछले दिनों सरकार ने घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि कर आम आदमी की जेब पर डाका डाला है। इसके बाद खाद्य तेल, दालें और अन्य ज़रूरी खाद्य सामग्रियों की कीमतें भी लगातार आसमान छू रही हैं। केंद्र और राज्य सरकार, दोनों ही अपने-अपने स्तर पर महंगाई बढ़ाने की होड़ में लगी हैं। अब जनता के पास सड़कों पर उतरकर विरोध करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। कांग्रेस आम जनता की मजबूत आवाज़ है और इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लड़ा जाएगा। राजधानी के साथ-साथ पर्यटन नगरी मसूरी में भी महंगाई के खिलाफ आक्रोश की आग देखने को मिली। मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार एक तरफ विकास के दावे कर रही है, तो दूसरी तरफ बेरोजगारी और महंगाई से युवाओं व आम जनता का दम घोट रही है। मसूरी के नेताओं ने मांग की कि आम जनमानस को फौरी राहत देने के लिए बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और बेरोजगारी को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। कांग्रेस के इस प्रदेशव्यापी प्रदर्शन ने राज्य के सियासी पारे को गरमा दिया है। जिला और नगर कमेटियों द्वारा विभिन्न जनपदों में किए गए इस पुतला दहन कार्यक्रम में भारी जनसमर्थन भी देखने को मिला। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी समय में महंगाई का यह मुद्दा सरकार के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है, क्योंकि कांग्रेस अब इसे ब्लॉक और बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति बना रही है।