विकास को रफ्तार, उत्तराखंड सरकार ने 191 करोड़ की आधारभूत परियोजनाओं को मंजूरी दी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और आगामी 'कुंभ मेला 2027' को भव्य व सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम धामी ने राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे (अवस्थापना सुविधाओं) के विकास और कुंभ की प्रारंभिक तैयारियों के लिए करीब 191 करोड़ रुपये की भारी-भरकम वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। सरकार की इस बड़ी मंजूरी से प्रदेश में बाढ़ सुरक्षा, चमचमाती सड़कों का निर्माण, सरकारी आवास, मल्टीलेवल पार्किंग, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और बिजली कटौती से निजात दिलाने वाली विद्युत परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा।

उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे के विस्तार और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 191 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में सड़क निर्माण, बाढ़ सुरक्षा, विद्युत परियोजनाएं, पार्किंग, सरकारी आवास, धार्मिक स्थलों के विकास तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई मंजूरियों में देहरादून जनपद के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाइजेशन कार्य के लिए 3.62 करोड़ रुपये तथा विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए 63.62 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं हरिद्वार में पुराना दिल्ली-नीतिपास राज्य मार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधीन अन्य आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों के लिए 21.64 करोड़ रुपये की बड़ी राशि मंजूर की गई है। सरकारी कर्मचारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर स्थित बाह्य न्यायालय परिसर में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवास निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा हरिद्वार के राजकीय विशेष गृह परिसर में सुरक्षा कर्मियों के भवन निर्माण के लिए 5.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पर्यटन और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर स्थित मोहन बाजार में कार पार्किंग निर्माण के लिए 9.89 करोड़ रुपये तथा बागेश्वर के कांडा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए 5.41 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सितारगंज स्थित संपूर्णानंद शिविर में पुरानी गौशाला के टिन शेड निर्माण तथा पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन को आरडीएसएस योजना के अंतर्गत 70 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके साथ ही निगम की निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए 25 करोड़ रुपये अंशपूंजी के रूप में और विभिन्न वोल्टेज की विद्युत लाइनों के स्थानांतरण हेतु 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को विशेष प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश स्थित आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए 35.78 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट के सौंदर्यीकरण के लिए 1.50 करोड़ रुपये तथा वीरभद्र बैराज ऋषिकेश से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए 4.68 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ के कालसीन देवता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 27 लाख रुपये तथा टिहरी के विरोड़ गांव स्थित प्राचीन नाग देवता मंदिर के नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 49.86 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री धामी की इन स्वीकृतियों से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ ही धार्मिक पर्यटन, ऊर्जा अवसंरचना और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को भी मजबूत आधार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश की आधारभूत सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।