अल्मोड़ा। पहाड़ों पर जंगली जानवरों का आतंक लगातार बरकरार है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आए दिन जंगली जानवर लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे कई लोग जख्मी हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम ग्राम सौला द्वितीय का है। यहां बुधवार की रात गुलदार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद गांव क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात ग्राम सौला द्वितीय की आंगनबाड़ी कार्यकत्री दीपा गुणवन्त पर गुलदार ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दीपा गंभीर रूप से घायल हो गई। दीपा का राजकीय चिकित्सालय रानीखेत में उपचार चल रहा है। गुलदार के आतंक से क्षेत्र में डर का माहौल है।