द्वाराहाट। उत्तराखण्ड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों के संभावित प्रत्याशियों द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सभी पार्टियों के संभावित प्रत्याशी गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर लोगों को अपनी पार्टी की रीतियों व नीतियों को बताने के साथ ही अपनी उपलब्धियां भी गिना रहे हैं। इसी क्रम में द्वाराहाट विधानसभा से भाजपा के संभावित प्रत्याशी अनिल सिंह शाही द्वारा भी प्रचार अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस दौरान शाही अपने समर्थकों के साथ गांव-गांव, घर-घर पहुंच रहे हैं और भाजपा की नीतियों व रीतियों को गिना रहे हैं। यही नहीं अनिल शाही गांवों में पहुंचकर नुक्कड़ सभाओं को भी सम्बोधित कर रहे हैं। विधानसभा के ग्राम नायल, देवलधार, कामा, च्याली, कनल गांव, तिवारी गांव, सुरईखेत, गनोली बावन, रवाड़ी, बिजरानी, चौकोडी, ताल न्योनि, पैली गर्जिया, चौखुटिया सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर अनिल शाही ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान नुक्कड़ सभाओं को सम्बोधित करते हुए श्री शाही ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग को साथ लेकर चलती है, और सभी वर्गों के विकास की सोच रखती है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है। आज देश ही नहीं विदेशों में भी भारत के नाम का डंका बज रहा है। कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनहित में लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रहे हैं। शाही ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार को बढावा दिया। कहा कि कांग्रेस और कांग्रेसियों ने अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार, माफियाराज को बढ़ावा दिया। उन्होंने लोगों से आगामी चुनावों में भाजपा को अपना समर्थन देने की अपील की। प्रचार के दौरान शाही ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और योजनाओं का लाभ उठाने को कहा। इस मौके पर शाही के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता हेम चंद्र जोशी, वर्मा जी, रमेश पूरी, बबलू भंडारी, चेतन गोस्वामी चिंटू आदि मौजूद रहे।