अल्मोड़ा। विधानसभा चुनावों को अब कुछ ही समय बचा है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावों की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हैं। चुनाव को लेकर ग्राउण्ड जीरो पर प्रचार के साथ ही जीत के लिए राजनीतिक गुणा-भाग भी चलने लगा है। अल्मोड़ा के द्वाराहाट विधानसभा की बात करें तो यहां कांग्रेस और भाजपा में सीधी टक्कर होने के आसार हैं, हालाकि इस बार दोनों पार्टियों में से किसके नाम पर मुहर लगेगी यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। देखा जाए तो इस विधानसभा में अभी तक दावेदारों की लिस्ट लंबी-चौड़ी है। कांग्रेस की तरफ से पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट जहां दमखम के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हैं वहीं भाजपा से मौजूदा विधायक महेश नेगी, अनिल शाही, कैलाश भट्ट, आशुतोष शाही चुनाव मैदान में खड़े हैं। उधर यूकेडी से पुष्पेश त्रिपाठी तो निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भूपाल सिंह ‘पप्पू भंडारी’ चुनाव मैदान में डटे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा और कांग्रेस से पार्टी हाईकमान किसके नाम पर मुहर लगाता है। कांग्रेस की बात करें तो इस विधानसभा सीट से पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट ही प्रबल दावेदार हैं और पार्टी एक बार फिर उन्हें मैदान में उतारने की तैयारी में है।
भाजपा से दावेदारों की लिस्ट लंबी है ऐसे में पार्टी को यहां से प्रत्याशी घोषित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है। सूत्रों की मानें तो टिकट को लेकर दावेदारी कर रहे भाजपाई पार्टी में अच्छी पकड़ रखते हैं और हर कोई टिकट को लेकर आश्वस्त दिख रहा है। हांलाकि टिकट किसे मिलेगा यह तो समय के गर्भ में है, लेकिन भाजपा में टिकट को लेकर घमासान छिड़ना तय है। इन सबके बीच विधानसभा में चुनाव प्रचार भी चरम पर चल रहा है। कांग्रेस के पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क साध रहे हैं और कांग्रेस की नीतियों-रीतियों को लोगों को बता रहे हैं। बिष्ट समर्थक भी चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं। वहीं भाजपा से मौजूदा विधायक महेश नेगी, अनिल शाही और कैलाश भट्ट लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। सभी लोग गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर भाजपा की नीतियों को गिनाकर वोटरों को अपने पक्ष में लुभाने में जुटे हुए हैं। उधर समाजसेवक के रूप में अपनी खासी पहचान बना चुके निर्दलीय भूपाल सिंह ‘पप्पू भंडारी’ भी अपने समर्थकों संग प्रचार में लगे हैं। बता दें कि पप्पू भंडारी ने पिछले चुनावों में भी अपनी किस्मत आजमाई थी और वह इस बार भी चुनाव मैदान में उतरने को तैयार दिखाई दे रहे हैं। वहीं यूकेडी का प्रचार भी जोर-शोर से चल रहा है।



