देहरादून। राजधानी दून के रानीपोखरी से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां एक पूर्व फौजी ने आपसी विवाद के बाद न केवल अपनी पत्नी बल्कि खुद को भी गोली से उड़ा दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार घटना रानीपोखरी के भोगपुर मार्ग, रखवाल गांव में एक आवासीय परिसर की है। बताया जा रहा है कि पूर्व फौजी ब्रजी कृषाली यहां अपनी पत्नी कुसुम कृषाली के साथ रहता था। आज जैसे ही लोगों की घटना क जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गयी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। बताया जाता है कि फौजी ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और बाद में खुद को भी गोली से उड़ा दिया। फिलहाल पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया है। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि दोनों के बीच आपसी विवाद हुआ था जिसके बाद तैश में आकर पूर्व फौजी ने घटना को अंजाम दे दिया। हांलाकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।