द्वाराहाट। शराब के नशे में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस ने अभियान छेड़ा हुआ है। इसी क्रम में द्वाराहाट थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। द्वाराहाट पुलिस ने चैकिंग के दौरान ईको कार संख्या यूके 01 टीए 3858 को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो कार का चालक नशे में था इसपर पुलिस द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए वाहन को सीज किया गया। वहीं होटल, ढाबों, पार्क, बस एवं टैक्सी स्टैण्ड आदि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा एवं न्यूसैन्स पैदा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए थानाध्यक्ष बिष्ट द्वारा दो लोगों का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया। इस दौरान थानाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों और नशे में हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबारियों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। थानाध्यक्ष बिष्ट ने लोगों को रंगों के पर्व होली की बधाई देते हुए लोगों से शांतिप्रिय तरीके से पर्व को मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली के दौरान अपनों व परिवार के बीच रहकर शांत से होली मनाएं।
वहीं बग्वालीपोखर चौकी इंचार्ज निखिलेश सिंह बिष्ट ने भी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होली रंगों और उत्साह का पर्व है, ऐसे में हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम शांति से इस पर्व को अपनों के बीच में मनाएं।