द्वाराहाट। आगामी चुनावों के मद्देनजर अल्मोड़ा पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। इस दौरान जिलेभर में पुलिस द्वारा व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों व ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में द्वाराहाट के बग्वालीपोखर चौकी क्षेत्र में थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट और चौकी इंचार्ज एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट द्वारा व्यापार मण्डल पदाधिकारियों, टैक्सी चालकों, ग्राम प्रधान व ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक की गयी। बैठक में व्यापारियों से बाजार में अनावश्यक अतिक्रमण न करने की बात कही गयी। सख्त निर्देश दिए गए कि बाजार में अनावश्यक रूप से अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। वहीं क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही की बात कही गयी। इस दौरान टैक्सी चालकों को सख्त निर्देश दिए गए। कहा गया कि ओवरलोड़िंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जायेगी। वहीं ग्राम प्रधानों और ग्राम प्रहरियों से चुनाव के दृष्टिगत क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान गौरा शक्ति एप, पब्लिक आई ऐप, उत्तराखण्ड ट्रेफिक आई ऐप, लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड ऐप, डायल 112, 1090, 1098, साइबर क्राइम, महिलाओं से संबंधित अपराधों के बारे में भी जानकारी दी गयी। इस मौके पर कांस्टेबल कुंदन गिरी, सुंदर सिंह, गणेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।
चार्ज लेते ही एक्शन में आए बग्वालीपोखर चौकी इंचार्ज बिष्ट! बोले-बर्दाश्त नहीं होगा नशे का अवैध कारोबार
बग्वालीपोखर चौकी के नवनियुक्त इंचार्ज एसआई निखिलेश बिष्ट ने साफ कहा कि चौकी क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। चौकी पुलिस की पहली प्राथमिकता युवाओं को नशे से दूर करना है। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृति को रोकने के लिए स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक किया जायेगा। वहीं क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार करने वालों को चिन्हित किया जायेगा और उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। चुनाव के दृष्टिगत क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और चुनाव निष्पक्ष हों इसके लिए पुलिस द्वारा ग्राम प्रहरियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए गांवों में शांति व्यवस्था भंग करने वालों और नशे का कारोबार करने वालों पर नजर रखने को कहा गया है। साथ ही गांवों में उत्पात मचाने वालों की जानकारी भी ग्राम प्रहरी पुलिस को देंगे, जिसपर तत्काल कार्यवाही की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक सीट बैठाने, नशे में गाड़ी चलाने, बिना हेलमेट बाइक चलाने व यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्यवाही होगी।