चौखुटिया। अल्मोड़ा एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चौखुटिया थाना पुलिस ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम राजकीय इंटर कॉलेज चौखुटिया पहुंची और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यहां पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन द्वारा थानाध्यक्ष महंत व पुलिस टीम का स्वागत किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा संबंधी कानून, साईबर अपराध, बाल अपराध के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी। इस मौके पर थानाध्यक्ष महंत ने छात्र-छात्राओं से साईबर क्राइम से अलर्ट रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज साईबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कड़ी मेहनत कर अच्छे मुकाम तक पहुंचने की बात कही। इस दौरान गौरा शक्ति एप, पब्लिक आई एप, उत्तराखण्ड ट्रैफिक आई एप व साईबर अपराधों से सम्बन्धित टोल फ्री नम्बर 1930 के सम्बन्ध में जानकारी भी दी गयी। साथ ही थानाध्यक्ष महंत ने नशे से दूर रहने की अपील भी युवाओं से की। उन्होंने कहा कि नशा हमारे जीवन को खोखला कर देता है इसलिए हम सभी को इससे दूर रहना चाहिए।