अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड की सियासत में आज एक बार फिर हलचल देखने को मिली है। आज भाजपा सरकार के मंत्री यशपाल आर्य और नैनीताल विधायक संजीव आर्य ने भाजपा का साथ छोड़ते हुए एक बार फिर कांग्रेस का हाथ पकड़ लिया है। उनके कांग्रेस में वापसी की खबरें लंबे समय से चल रही थीं, लेकिन कल शाम से इसको लेकर सोशल मीडिया पर खबरें आ रही थी। तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए आज कैबिनेट मंत्री आर्य व उनके पुत्र संजीव ने कांग्रेस में पुनः वापसी कर ली। बता दें कि पिछले दिनों यशपाल आर्य को लेकर खबरें आ रही थीं कि वह नाराज चल रहे हैं इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनसे मिलने के लिए उनके आवास पर भी गये थे। धामी और यशपाल की मुलाकात को कई मायनों से जोड़कर देखा जा रहा था। धामी और यशपाल की मुलाकात के बाद चर्चा हो रही थी कि अब यशपाल मान गए हैं और वह कांग्रेस में नहीं जायेंगे। लेकिन कल शाम को एकाएक एक बार फिर उनके कांग्रेस में जाने की खबरों ने जोर पकड़ लिया। सूत्रों की मानें तो आज कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात की। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के साथ मंच पर दिखाई दिए। कुल मिलाकर यशपाल आर्य की घर वापसी से जहां कांग्रेस को मजबूती मिलेगी वहीं भाजपा के लिए यह एक बड़ा झटका है।