देहरादून। सड़क पर जाम से जाम छलकाने वाले यूट्यूबर बॉबी कटारिया के खिलाफ उत्तराखण्ड पुलिस बड़ी कार्यवाही करने जा रही है। बताया जा रहा है कि कटारिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लुक आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी में है। उधर उत्तराखण्ड पुलिस कटारिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, मगर वह अंडरग्राउंड बताया जा रहा है। पुलिस उसकी कुर्की के लिए वारंट हासिल करने का भी प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि 11 जुलाई को देहरादून पुलिस ने बॉबी कटारिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि उसने किमाड़ी मार्ग पर ट्रैफिक रुकवाकर सड़क पर शराब पी और वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर डाला था। सुर्खियों में आने के लिए किया गया यह काम उस पर भारी पड़ गया। पुलिस ने उसे बुलाने का प्रयास किया, मगर वह देहरादून नहीं आया। इस पर उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाने लगी। इससे पहले पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भाग सकता है तो उसके पासपोर्ट के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने फ्लाइट में सिगरेट पीने के मामले में दर्ज मुकदमे के तहत उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करा दिया।