देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपने दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे पर राजधानी देहरादून पहुंचेंगी। इस दौरान वह प्रदेश सरकार की 2000 करोड़ की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगी। इसके बाद शुक्रवार सुबह राजभवन में नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन राष्ट्रपति के हाथों होगा। शुक्रवार को वह मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों को संबोधित करेंगी। इसके बाद वह देहरादून में दून विश्वविद्यालय के वार्षिक समारोह में सम्मिलित होंगी। बता दें कि राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मु का यह पहला उत्तराखंड दौरा है। राष्ट्रपति बनने से पहले वह अपने चुनाव के सिलसिले में उत्तराखंड आ चुकी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार सायं लगभग चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां उनकी अगवानी राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।