अल्मोड़ा। पिथौरागढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लड़की शादी से पहले इसलिए घर से फरार हो गयी, क्योंकि उसे दूल्हा पसंद नहीं था। सूचना पर पुलिस ने लड़की की तलाश की और उसे अल्मोड़ा से सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट निवासी एक लड़की शादी से पहले घर छोड़कर चली गई। लड़की अपनी चचेरी बहन के साथ घर छोड़कर इस कारण चली गई कि उसके परिजन उसका विवाह मन पसंद के युवक के साथ नहीं कर रहे थे। दोनों घर छोड़कर बस में सवार होकर हल्द्वानी के लिए निकल गए थे। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अल्मोड़ा में ही दोनों को रोक लिया। जिसके बाद पुलिस उन्हें गंगोलीहाट लेकर आई। इस संबंध में थानाध्यक्ष मंगल ने बताया कि पूछताछ में एक युवती ने कहा कि उसके माता-पिता उसका विवाह करने जा रहे हैं। लेकिन जिस लड़के से उसका विवाह किया जा रहा है, उसे वह पसंद नहीं करती है। बल्कि वह दूसरे युवक को पसंद करती है और उससे ही विवाह करना चाहती है। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने दोनों युवतियों की काउसिलिंग कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जिस पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।