नई दिल्ली। रूस के ऐलान के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव में आज सुबह एक के बाद एक धमाके हुए। बताया जा रहा है कि इस हमले में यूक्रेन के आठ नागरिकों की मौत हो गयी। उधर हमले के बाद यूक्रेन में भगदड़ जैसे हालात होने की खबरें भी सामने आ रही है। हांलाकि रूस का कहना है कि वह आम नागरिकों को निशाना नहीं बना रहा है। इस बीच एक खबर यह भी आ रही है कि यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने 6 रूसी फाइटर जेट्स को मार गिराया है। बताया जाता है कि यूक्रेन के कई गांव पर रूसी सेना का कब्जा हो गया है। यहां सिलसिलेवार धमाके हो रहे हैं। इस बीच, बेलारूस बॉर्डर से भी रूस ने हमला बोल दिया। रूस अब तीन तरफ से यूक्रेन पर हमले कर रहा है।
उधर यूक्रेन और रूस के बीच बढ़े तनाव से भारत में वो परिवार घबराए हुए हैं जिनके सगे-सबंधी वहां फंसे हुए हैं। रिपोर्टों में बताया जा रहा है कि 18,000 से ज्यादा भारतीय अब भी यूक्रेन में हैं। 72 घंटे पहले यूक्रेन से भारतीयों को एयरलिफ्ट करने का ऑपरेशन शुरू किया गया लेकिन हमले शुरू होने के बाद इसे रोकना पड़ा है। आज सुबह ही खबर आई कि यूक्रेन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट वापस दिल्ली लौट रही है।