जागेश्वर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर दावेदारी की प्रक्रिया के बीच पूर्व प्रदेश मंत्री एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा दीपक पाण्डेय ने 53-जागेश्वर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने के संबंध में अपना आवेदन पत्र जिला अध्यक्ष भाजपा महेश नयाल को प्रेषित किया। इस अवसर पर दीपक पाण्डेय ने पार्टी संगठन के प्रति अपनी निष्ठा एवं लंबे समय से किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में जागेश्वर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में अवसर प्रदान किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पार्टी के विचारों, सिद्धांतों और संगठन की मजबूती के लिए उन्होंने निरंतर कार्य किया है तथा भविष्य में भी संगठन और क्षेत्र की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। दीपक पाण्डेय ने आवेदन के माध्यम से पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल को आवेदन पत्र सौंपा गया।

