अल्मोड़ा। तेज रफ्तार के चलते आज अल्मोड़ा में एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक की मौत हो गयी जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब दस बजे भनोली तहसील के तड़कोट गांव निवासी पंकज सिंह पुत्र हरीश सिंह अपनी कार संख्या यूके 01 सीए 7601 से काफलीखान के लिए रवाना हुआ था। उनके साथ कार में तड़कोट गांव के ही गोपाल सिंह गैड़ा की पुत्री किरन व नौ वर्षीय पुत्र नंदन उर्फ नंदू भी सवार थे। जैसे ही उनकी कार भनोली रोड पर पनोली पहुंची तो कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गयी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीण जुट गये और राहत-बचाव में जुट गये। इस दौरान पूर्व प्रधान गणेश बिष्ट ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसओ गोविन्द सिंह मेहता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में चालक पंकज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि किरन व नंदन गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है।