एक तरफ किसानों की आय दोगुनी करने के दावे हो रहे हैं, वहीं जंगली जानवर उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। खेती के लिए प्रसिद्ध सोमेश्वर क्षेत्र में यही हालात हैं। यहां बंदरों ने फसलों को खासा नुकसान पहुंचाया है, इससे किसान मायूस हैं। सोमेश्वर क्षेत्र में गेहूं, आलू, लहसुन, प्याज सहित अन्य फसलों का खूब उत्पादन होता है, इससे यहां के पांच हजार से अधिक किसानों की आजीविका चलती है। बेहतर उत्पादन की उम्मीद में किसानों ने गेहूं, प्याज, लहसुन की बुआई की है, जिनकी खेतों में पौध लहलहा रही है लेकिन बंदर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। बंदरों ने गेहूं, लहसुन, प्याज की पौध को खासा नुकसान पहुंचाया है। इस समस्या से क्षेत्र के किसान काफी परेशान हैं। क्षेत्र के रमेश, कमला देवी, हेमा देवी, महिमन सहित अन्य किसानों का कहना है कि वे कई बार बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग के लिए प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं मगर नतीजा शून्य ही रहा है। ऐसे में किसानों की आय कैसे बढ़ेगी, यह बड़ा सवाल है।