उत्तराखंड मुए-थाई चैंपियनशिप में अल्मोड़ा का दमदार प्रदर्शन! 13 पदक जीतकर प्रदेश में तीसरा स्थान, खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान

Blog
 Image

अल्मोड़ा। उत्तराखंड स्टेट मुए-थाई चैंपियनशिप-2026 में अल्मोड़ा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। ऋषिकेश में मुए-थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में अल्मोड़ा की टीम ने कुल 13 पदक जीतकर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक जीतने वालों में माही बिष्ट, रजनी नेगी और प्रखर सिजवाली शामिल रहे। वहीं रजत पदक विजेताओं में मन्नत, तनुश्री लटवाल, कनिका सिजवाली, योगेश सिंह, नितीश कुमार, तनुज लोहनी और सौरव सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। कांस्य पदक हर्षित भैसोड़ा, प्रियांशी गिनवाल और आदित्य बिष्ट के खाते में आए। टीम के कोच यशपाल भट्ट ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बताया कि आगामी 1 और 2 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की मुए-थाई चैंपियनशिप में अल्मोड़ा के 14 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड स्पोर्ट्स काउंसिल के चेयरमैन कुलदीप सिंह बुटोला द्वारा पदक और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, अरुण बग्याल, ओलंपिक संघ के सचिव गोपाल खोलिया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रतियोगिता में विवेकानंद बालिका विद्या मंदिर, जीवनधाम अल्मोड़ा की छात्राओं ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। रजनी नेगी ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि तनुश्री लटवाल, कनिका सिजवाली और सिमरन सिजवाली ने रजत पदक हासिल किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी और समस्त स्टाफ ने छात्राओं की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।