गंगोलीहाटः अल्मोड़ा में राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में जुटी कांग्रेस! कार्यकर्ताओं ने लिया ‘4 जून अल्मोड़ा चलो’ का संकल्प

Blog
 Image

गंगोलीहाट। आगामी 4 जून 2026 को अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली नेता प्रतिपक्ष एवं जननायक राहुल गांधी की विशाल जनसभा की तैयारियों को लेकर सोमवार को गंगोलीहाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक संपन्न हुई। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी पिथौरागढ़ के जिला अध्यक्ष मुकेश पंत की अगुवाई में आयोजित इस बैठक में जनसभा को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक में मुख्य रूप से मौजूद पूर्व दर्जा राज्यमंत्री खजान चन्द्र गुड्डू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि इस जनसभा की सफलता के लिए हर कार्यकर्ता को गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर सघन जनसंपर्क अभियान चलाना होगा। कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए अधिक से अधिक लोगों को अल्मोड़ा जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी की यह जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में एक नया संदेश देगी और आम जनता की आवाज़ को मजबूती प्रदान करेगी। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जनसभा को सफल बनाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस बैठक में क्षेत्र के तमाम वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष निशांत उप्रेती, ब्लॉक अध्यक्ष गंगोलीहाट भगवत सिंह रौतेला, नगर अध्यक्ष दीपक धानिक, पूर्व महिला ब्लॉक अध्यक्ष उमा मेहरा, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग रेखा भण्डारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बलवंत सिंह मेहरा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हयात सिंह बोरा, ग्रामीण महिला ब्लॉक अध्यक्ष रमा खाती, पूर्व नगर अध्यक्ष नारायण बोहरा, पूर्व नगर अध्यक्ष रिंकी बिष्ट, अनुसूचित जाति विभाग की प्रदेश सचिव मालती आर्य, प्रदेश सचिव पूरन राम और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संजू बोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने -कांग्रेस का हाथ, जनता के साथ, हाथ से हाथ जोड़ेंगे, कांग्रेस को और मजबूत करेंगे तथा बूथ-बूथ तक कांग्रेस का विस्तार, जनता के अधिकारों का होगा सम्मान’ के संकल्प के साथ 4 जून अल्मोड़ा चलो का आह्वान किया।