उत्तराखंड में मानसून का तांडव लगातार जारी है। भारी बारिश के चलते राज्य के अधिकांश नदी-नाले और गधेरे उफान पर आ गए हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 18 घंटों के लिए 'रेड अलर्ट' और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग की चेतावनी और लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नैनीताल और बागेश्वर जिलों में 2 सितंबर 2026 को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से अगले 18 घंटों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी के अनुसार 1 सितंबर की शाम से 2 सितंबर की सुबह तक नैनीताल और अल्मोड़ा के कई क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश के बेहद तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने बुधवार, 2 सितंबर को जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी एक दिन के लिए बंद रहेंगे। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने, तेज बहाव, जलभराव, भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका है। कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाओं का खतरा भी जताया गया है। ऐसे हालात में विद्यार्थियों को घर से स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन के अनुसार चौखुटिया, भिकियासैंण, रानीखेत, भनोली, कटारमल, जैती, रामनगर, भीमताल, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, कोटाबाग, भवाली, द्वाराहाट और आसपास के क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। भारी बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बाधित होने की भी आशंका है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क है। भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए बागेश्वर जिले में भी 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि नैनीताल शहर क्षेत्र में ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए परिसर में ही पढ़ाई और रहने की सुविधा उपलब्ध है, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और नदी-नालों, गधेरों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने की अपील की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें संभावित आपदा से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर हैं। मौसम के मिजाज को देखते हुए आने वाले घंटों में स्थिति पर प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की लगातार नजर बनी रहेगी।

