उत्तराखंड चुनाव 2026: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे से बीजेपी खेमे में हलचल, रणनीतियों पर चर्चा

Blog
 Image

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार तीन दिवसीय दौरे पर देवभूमि उत्तराखंड पहुंचे हैं। देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अगुवाई में उनका भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। आगामी चुनावों के मद्देनजर इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे नितिन नवीन का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई। बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति तय करने पर विशेष चर्चा की जा रही है। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश के सभी सांसद मौजूद हैं। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर नितिन नवीन का पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उनके दौरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी इसे संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से निर्णायक दौरा मान रही है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक इस बैठक में प्रदेश सरकार के कामकाज, संगठन विस्तार और चुनावी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। वहीं भाजपा नेतृत्व आगामी चुनाव में उत्तराखंड में जीत का मजबूत रोडमैप तैयार करने में जुट गया है।