उत्तराखंड के विकास को बढ़ावा, सीएम धामी ने 28 करोड़ की आधारभूत परियोजनाएं मंजूर कीं

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क और पुल निर्माण, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, पुलिस आवास और जनसुविधाओं से जुड़े कई कार्यों को गति मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और पहुंच मार्ग समेत विभिन्न विकास कार्यों हेतु 97.09 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं विकासखंड मूनाकोट की ग्राम पंचायत भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भूड़ महोलिया में चार बीघा भूमि पर आधुनिक छठ पूजा स्थल के निर्माण के लिए 2.70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में स्थित द्वितीय केदार श्री मप्रहेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है। सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेड़ा से भट्टयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ऊधमसिंह नगर के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में ग्राम सूर्यनगर और शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गोला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये की बड़ी राशि मंजूर की गई है। यह पुल बनने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 से 6 तक 30 एमएमबीसी तकनीक से सड़क सुधार कार्य के लिए 2.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं हरिद्वार जिले के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में अकबरपुर, खुंडेवाली और लोदीवाला से झबरेड़ा नगर पंचायत तक मार्ग के पीसी कार्य के लिए 66.68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे सड़क संपर्क और यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना परिसर में टाइप-3 श्रेणी के छह आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है। इस परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई है। राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से धार्मिक पर्यटन, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश के संतुलित विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए हैं।