अल्मोड़ा। जनपद में पुलिस द्वारा स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभावों सहित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में लमगड़ा और चौखुटिया पुलिस ने स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को जागरूक किया। लमगड़ा थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत द्वारा राजकीय इन्टर कॉलेज गंगानगर (मोतियापाथरं) व चौखुटिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार द्वारा बोनाफाईड पब्लिक स्कूल चौखुटिया के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर जीवन में हमेशा नशे से दूर रहने तथा गांव या आसपास नशे से सम्बन्धित सामग्री बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने की बात कही गयी। पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराध के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर बताया कि गांव-देहात के लोग जागरूकता के अभाव में साइबर ठगी के शिकार बन जाते है जागरूक रहकर इनसे बचा जा सकता है। इस दौरान बचाव के उपाय बताकर लोगों को जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।