अल्मोड़ा। गौ सेवा न्यास के अध्यक्ष विपिन जोशी का आज 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नगर में शोक की लहर दौड़ गयी। तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने उनके निधन पर शोक जताया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने आज सुबह साढ़़े छह बजे अपने भतीजे के आवास पर अंतिम सांस ली। बता दें कि स्व. जोशी उप शिक्षा निदेशक के पद से सेवानिवृत हुए थे। गौ सेवा न्यास के अलावा पुष्प लता जोशी न्यास के भी वे अध्यक्ष थे। स्व. जोशी ने विभिन्न विद्यालयों में बच्चों के लिए छात्रवृति का प्रावधान किया है। उनको जो भी पेंशन मिलती थी उस पेंशन से उन्होंने जरूरतमंद बच्चों व संस्थाओं की मदद करने का बीड़ा उठाया था। उनके निधन पर दयाकृष्ण काण्डपाल, भगीरथ पाण्ड़े, चंद्रमणि भट, पूरन चंद तिवारी सहित तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक जताया है।