अल्मोड़ा। पारा चढ़ने के साथ ही पहाड़ों पर जल संकट भी गहराने लगा है। कई जगहों पर लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके चलते लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। द्वाराहाट में भी कई जगहों पर लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। यहां खीरो नदी से बनी बूंगा-ऊंचाकोट पेयजल योजना से संबद्ध बूंगा और ऊंचाकोट गांव में पिछले कई महीनों से पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। पेयजल आपूर्ति न होने के चलते लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिसके चलते उनको खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति न होने से महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है। महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी के साथ ही अधिकारियों का घेराव किया। इस दौरान दो घंटे तक धरना प्रदर्शन भी किया।