उत्तराखण्ड में आज एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। जिसने भी यह मामला सुना या पढ़ा वो दंग रह गया। सोशल मीडिया पर भी यह मामला खासा सुर्खिया बटोर रहा है और ऐसा हो भी क्यों ना, मामला ही कुछ ऐसा है। दरअसल आज राजधानी दून की एक बुजुर्ग महिला ने अपनी सारी संपत्ति कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम कर दी। वृद्ध महिला ने इसके पीछे एक खास वजह भी बताई है। बताया जा रहा है कि महिला की सम्पत्ति में 50 लाख की ज़मीन जायदाद के अलावा 10 तोला सोना भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार देहरादून निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग पुष्पा मुन्जियाल पुत्री मेघराज निवासी प्रेम धाम, 25 नेहरू रोड डालनवाला में रहती है। आज महिला यमुना कॉलोनी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आवास पर पहुंची और अपनी संपत्ति का वसीयतनामा प्रीतम सिंह को सौंपा। इस दौरान महिला ने बताया कि वह राहुल गांधी के विचारों से खासी प्रभावित हैं। महिला ने कहा कि गांधी परिवार ने आजादी से लेकर आज तक आगे बढकर देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है। उन्होंने कहा कि चाहे इन्दिरा गांधी रहीं हों, चाहे राजीव गांधी। उन्होंने इस देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देश सेवा के लिए अपने को समर्पित किया है। मुन्जिवाल ने न्यायालय में अपनी संपत्ति का पूर्ण ब्योरा देते हुए राहुल गांधी के नाम वसीयतनामा प्रस्तुत कर न्यायालय से अनुरोध किया है, कि मेरे उपरान्त मेरी पूरी संपत्ति का मालिकाना हक उन्हें सौंपा जाय।