नई दिल्ली। पंजाब से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां गैंगस्टर जरनैल सिंह की हत्या कर दी गई है। खबरों की मानें तो हत्यारों ने जरनैल सिंह को 20 से 25 गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना अमृतसर के सठियाला गांव में हुई। जहां कुछ लोगो ने गैंगस्टर जरनैल सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। जरनैल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ नकाबपोश उन्हें सरेआम गोलियां मार रहे हैं। जरनैल सिंह एक नामी गैंगस्टर था जिसके खिलाफ चार मामले दर्ज थे। वह फिरौती, आर्म्स एक्ट और गोलीबारी जैसे मामलों में नामजद था। जरनैल सिंह की हत्या का आरोप गैंगस्टर गोपी घनश्यामपुरिया गैंग पर लग रहा है। कहा जा रहा है कि इसी गैंग के लोगों ने जरनैल सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी। बता दें कि पिछले साल 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। उन्हें सरेआम गोलियों से भून दिया गया था, जिस वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। उनकी हत्या का मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को बताया गया। उसी ने लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर मूसेवाला की हत्या की पूरी प्लानिंग की थी और फिर अपने शूटरों के जरिए हत्या को अंजाम दिया था।