हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में सड़क हादसे रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन हो रहे हादसों में कई लोगों की जान चली जाती है, बावजूद इसके लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। ताजा घटनाक्रम नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग का है। यहां देर रात पिकअप और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात नैनीताल मार्ग आम पड़ाव के समीप पिकअप और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां घायलों को 108 की मदद से बेस अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, जिसमें डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान कोटद्वार निवासी आशीष के रूप में हुई है। जबकि हादसे में पौड़ी गढ़वाल निवासी हरीश चंद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मुताबिक बाइक सवार हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रहे थे। पड़ाव क्षेत्र में दोनों युवक सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में पड़े हुए थे, जिन्हें तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।