द्वाराहाट। बग्वालीपोखर चौकी इंचार्ज निखिलेश सिंह बिष्ट का देहरादून के लिए स्थानांतरण हुआ है। उनके स्थानांतरण पर द्वाराहाट थाने में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट ने उनके अबतक के कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। बता दें कि एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट करीब 6 माह तक बग्वालीपोखर चौकी इंचार्ज रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल नशे के खिलाफ अभियान छेड़ा बल्कि स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को अहम जानकारियां भी दी। अभी हाल ही में उन्होंने बग्वालीपोखर के छानागोलू, च्याली क्षेत्र में हुई चोरी का खुलासा भी किया था। विदाई समारोह के दौरान उन्होंने अपने तमाम साथी सहकर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बग्वालीपोखर चौकी में रहते हुए साथी सहकर्मियों का खासा सहयोग रहा और स्थानीय जनता भी पुलिस का सहयोग करती आई है। उन्होंने अपने इस कार्यकाल को यादगार बताया और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। इस दौरान संतोष कुमार देवरानी, कांस्टेबल मोहम्मद साहिद, सरोज मेहता, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार व अन्य पुलिस कर्मी और स्टॉफ मौजूद रहा।
देहरादून स्थानांतरण होने पर एसआई निखिलेश सिंह बिष्ट ने अल्मोड़ा टुडे से हुई बात करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहा है जो उनके भविष्य के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार प्रयासरत है कि नशे से युवाओं को दूर रखा जाए और वह भी यही प्रयास करते हैं कि बढ़ती नशाखोरी पर लगाम लगाई जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर संसाधनों के अभाव के बावजूद भी कुछ युवा ऐसे हैं जो कठोर मेहनत करते हैं और भविष्य में कुछ कर गुजरने का साहस उनमें हैं ऐसे ही युवाओं से अन्य लोगों को सबक लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए।