द्वाराहाट। यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ द्वाराहाट पुलिस ने अभियान छेड़ा हुआ है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक निखिलेश सिंह बिष्ट ने चैकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके 01 सीए 9090 स्विफ्ट कार को रोका तो कार का चालक नशे में पाया गया। इसपर पुलिस ने चालक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया। इस दौरान उपनिरीक्षक बिष्ट ने साफ किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियम तोड़ने के चलते ही पहाड़ों पर अधिकाधिक सड़क हादसे होते हैं, बावजूद इसके लोग जागरूक नहीं हो रहे और नियमों की अनदेखी करते हैं। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की बात कही।
वहीं द्वाराहाट पुलिस ने उखलेख तिराहा पर चैकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके 01 सीए 1011 पिकप को रोककर चैक किया तो उसमें खनन सामग्री लदी हुई थी। इस दौरान जब चालक से वाहन के कागजात मांगे गए तो उसके पास कागजात नहीं थे, वहीं चालक उक्त खनन सामग्री को लेकर भी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस ने उक्त वाहन को सीज करते हुए जरूरी कार्यवाही की। इस दौरान टीम में उप निरीक्षक मोहन सिंह सौन आदि मौजूद थे।