द्वाराहाट। द्वाराहाट पुलिस ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के आदेश पर बगैर सत्यापन कराए किरायेदारों को रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 10 हजार 850 रूपए का जुर्माना वसूल किया है। आज द्वाराहाट थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट ने अधीनस्थ अधिकारियों व पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर सत्यापन अभियान चलाने की बात कही। इस मौके पर द्वाराहाट क्षेत्र में एनाउंसमेंट करवाकर लोगों से किराएदारों का सत्यपान करवाने की अपील की गयी। वहीं थाने में आयोजित बैठक के दौरान थानाध्यक्ष बिष्ट ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के चलते पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कोविड नियमों का अनुपालन सख्ती से कराने की बात कही। कहा कि चुनाव का समय है ऐसे में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाए और अपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कोरोना से निपटने के लिए फेससिल्ड, सैनिटाईजर एवं एन95 मास्क भी वितरित किये।