देहरादून। आज उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन है। सीएम धामी के जन्मदिन पर प्रदेशभर में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तमाम बड़ी हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभमनाएं दी है। राजधानी देहरादून में संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री धामी परिवार सहित टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने राज्य और देश के विकास के लिए प्रार्थना की। संकल्प दौड़ के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा जन भावनाओं के अनुरूप प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। उत्तराखंड की जनता से किए वायदों को पूरा करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार से देवभूमि उत्तराखंड के विकास के लिए पूरा सहयोग मिल रहा है, इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।