देहरादून। हरिद्वार के लक्सर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बाहर वाली के चक्कर में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि मृतका छह माह की गर्भवती थी और बाहर वाली के चक्कर में हुए विवाद के चलते युवक ने गला घोटकर गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रायघटी गांव निवासी रविंद्र की शादी ढाई वर्ष पूर्व वर्ष 2020 में खानपुर थाना क्षेत्र के कलसिया गांव निवासी काजल के साथ हुई थी। शादी के बाद काजल ने एक बेटे को जन्म दिया। बताया गया कि काजल के पति रविंद्र का एक अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसका काजल द्वारा विरोध किया जा रहा था। इसके चलते पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार की रात भी पति पत्नी के बीच इसे लेकर जमकर विवाद हुआ। जिसके चलते रविंद्र ने पत्नी काजल का गला घोट कर उसकी हत्या कर दी तथा स्वजनों को बताया कि काजल की बैड से गिरकर तबीयत बिगड़ गई है। जिस पर स्वजन उसे चिकित्सक के पास ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने मृतका के गले पर गहरे निशान की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जानकारी ली। मृतका के स्वजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है।