देहरादून। उत्तराखण्ड में देर शाम से हो रही बारिश लगातार कहर बरपा रही है। राजधानी देहरादून के पास मालदेवता सरखेत, टिहरी और यमकेश्वर इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। बारिश की तबाही में अबतक चार लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि 13 लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं 10 से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर मौसम के तल्ख तेवरों को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गया है। स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पल-पल का अपडेट ले रहे हैं, आज सीएम धामी जेसीबी मशीन पर सवार होकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और लोगों का हाल जाना। टिहरी जिले के धनौल्टी क्षेत्र में पलक झपकते ही एक घर मलबे में तब्दील हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोग दबे, जबिक दो शव निकाल लिए गए हैं।
वहीं सीएम धामी ने देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती घायल आपदा प्रभावितों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने घायलों व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और कहा कि उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके बाद सीएम धामी ने आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर राहत बचाव कार्य का जायजा लिया।