रानीखेत। बर्खास्तगी के विरोध में जीडी बिड़ला स्कूल चिलियानौला के कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। उधर दो दिन पहले 8 जुलाई को अल्मोड़ा में सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को प्रशासनिक अधिकारियों और प्रबंधन के समक्ष रखा। वार्ता में अगली तिथि 23 जुलाई निर्धारित की गयी।
श्रमिकों का कहना है कि अगर 23 जुलाई को प्रबंधन ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो उग्र आंदोलन की रूपरेखा बनाई जायेगी। बता दें कि स्कूल कर्मचारियों को स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों का लगातार सहयोग मिल रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, स्थानीय विधायक प्रमोद नैनवाल समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराया है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि जबतक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं तबतक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बता दें कि अभी हाल ही में जी.डी. बिडला मैमोरियल स्कूल चिनियानौला, रानीखेत प्रबंधन ने बिना बताए कर्मचारियों की बर्खास्तगी कर दी थी, जिसको लेकर कर्मचारियों में खासा रोष देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि बिना बताए रातों-रात प्रबंधन ने इतना बड़ा फैसला ले लिया और उन्हें इसकी सूचना तक नहीं दी गई। धरना प्रदर्शन करने वालों में पूरन सिंह अधिकारी, गणेश दत्त जोशी, युवराज सिंह परिहार, राजेन्द्र सिंह अधिकारी, मदन मोहन जोशी, जगदीश कुमार, दिनेश चंद्र उपाध्याय, आलोक रंजन बेहेरा, कुंदन सिंह कुवार्वी, कुंदन सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।