अल्मोड़ा। दो माह से वेतन का भुगतान न होने पर रोडवेज कर्मचारियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लंबा समय बीतने के बावजूद वेतन न मिलने पर रोडवेज कर्मचारियों का पारा चढ़ गया और कार्यबहिष्कार करने को मजबूर हो गये। इस दौरान प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस मौके पर रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वेतन नहीं मिला तो कल से पूर्णकालिक कार्य बहिष्कार किया जायेगा।
इस दौरान वक्ताओं ने शासन पर रोडवेज कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी मुस्तैदी से ड्यूटी करते आ रहे हैं लेकिन सरकार उन्हें वेतन नहीं दे रही है। बिना वेतन के कर्मचारियों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। दिसंबर और जनवरी माह का वेतन फरवरी माह आधे से अधिक बीतने के बाद भी नहीं मिला है। कर्मचारियों को घर का खर्चा चलाना मुश्किल पड़ रहा है। कहा कि जब तक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलेगा आंदोलन जारी रहेगा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री राम दत्त पपनै ने कहा कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारी 21 फरवरी से पूर्णकालिक कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे।