हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार जंगली जानवर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला रामनगर से सामने आ रहा है, यहां हाईवे पर सोमवार देर रात बाघ ने एक विक्षिप्त व्यक्ति को अपना निवाला बना दिया। रात से ही वन कर्मियों के साथ ही ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए थे। आज उसका शव बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार धनगढ़ी नाले से मोहन की ओर कुछ दूरी पर सोमवार की रात 7ः30 बजे के आस पास एक बाघ ने सड़क किनारे एक विक्षिप्त युवक पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबाकर जंगल की तरफ ले गया। जंगल में छानबीन के दौरान 15 घंटे बाद उसका आधा खाया हुआ शव हाइवे से सौ मीटर नीचे जंगल से बरामद हो गया। कपड़े व हुलिये से मृतक विक्षिप्त बताया जा रहा है। अंधेरा होने की वजह से तलाशी अभियान को रोककर मंगलवार को दोबारा सुबह ही शुरू किया गया। नौ बजे उसका शव रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत कोसी रेंज के जंगल में कोसी नदी के समीप से बरामद हो गया। उसका एक पैर बाघ ने खा लिया था। वनाधिकारियों का कहना है कि सोमवार शाम को विक्षिप्त व्यक्ति मोहान वन चौकी पर घूम रहा था। उसे कुछ लोगों ने वापस लौटा दिया था। लेकिन जंगल के नजदीक चले जाने पर उसे बाघ ने अपना निवाला बना लिया। इससे पहले भी बाघ सड़क पर घूम रहे विक्षिप्तों को अपना शिकार बना चुका है।