नई दिल्ली। देश में कोरोना की रफ्तार बेकाबू होते जा रही है। बढ़ते मामलों ने जहां लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है तो वहीं सरकारों की चिंता भी बढ़ानी शुरू कर दी है। देश में लगातार बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शाम साढ़े 4 बजे आपात बैठक बुलाई है। सूत्रों की मानें तो पीएम मोदी इस बैठक में बुछ बड़े फैसले ले सकते हैं। देश में पॉजिटिविटी रेट 10 से ऊपर निकल चुका है। ऐसे में मीटिंग के दौरान लॉकडाउन जैसे सख्त कदम उठाने की अनुशंसा भी की जा सकती है।
बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार पहुंच चुका है। हैल्थ बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के भीतर 1 लाख 59 हजार 424 केस सामने आए हैं और 327 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र और दिल्ली में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं, यहां कोरोना की रफ्तार सबसे ज्यादा है, जिससे लोग सहमे हुए हैं। वहीं राज्यों पर नजर डाली जाए तो महाराष्ट्र (41,434), दिल्ली (20,181) और बंगाल (18,802) में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। टॉप 10 राज्यों में ही 1.26 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इससे पहले देश में शुक्रवार को 1 लाख 41 हजार 986 और गुरुवार को 1 लाख 17 हजार 100 नए मामले दर्ज किए गए थे। देश में अब तक 3.55 करोड़ लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। वहीं ठीक होने वालों का आंकड़ा 3.44 करोड़ है। देश में अभी कुल एक्टिव केस का आंकड़ा 5 लाख 84 हजार 580 है।
उत्तराखण्ड की बात करें तो उत्तराखंड में बीते 24 घंटों में 1560 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। देहरादून जिले में 537 संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 349472 हो गई है। प्रदेश की रिकवरी दर 96 प्रतिशत घट कर 95.05 प्रतिशत हो गई है। वहीं, सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 10.26 प्रतिशत पहुंच गई है। अब प्रदेश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 3254 हो गई है।