अल्मोड़ा। एसएसपी रचिता जुयाल का अल्मोड़ा से प्रतिनियुक्ति पर आईबी दिल्ली स्थानांतरण हुआ है। उनके स्थांनातरण पर आज विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों, कर्मगणों द्वारा टीम वर्क के साथ अच्छा कार्य करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री की रोकथाम हेतु चलाये गये अभियान के अन्तर्गत की गयी प्रभावी कार्यवाही, सुदृढ़ कानून, शांति व्यवस्था व यातायात व्यवस्था बनाये रखने व जनजागरुकता अभियान के तहत आयोजित किये गये कार्यक्रमों की सराहना की। बता दें कि एसएसपी अल्मोड़ा पद पर रहते हुए रचिता जुयाल द्वारा महिला सुरक्षा हेतु नगर में महिला चीता मोबाईल संचालित की। इसके अतिरिक्त जनपद को नशा मुक्त बनाने हेतु ऑपरेशन आरआरआर चलाया गया। वहीं रैपिड एक्शन प्लान के तहत नगर में औचक चेकिंग अभियान चलाकर युवाओं को नशे के प्रति जागरुक कर उनकी कांउसलिंग की गयी। इस दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों द्वारा एसएसपी जुयाल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उनको भावभीनी विदाई दी गयी।