देहरादून। उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने इसे उत्तराखण्ड दृष्टि पत्र का नाम दिया है। घोषणा पत्र में भाजपा ने प्रदेश की जनता से कई वायदे किए हैं इसमें हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की बात कही गयी है। आज केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा ‘दृष्टि पत्र’ का विमोचन किया गया। भाजपा के घोषणा पत्र की मुख्य बातों पर नजर डालें तो इसमें कहा गया है कि पूर्व सैनिकों को सीमावर्ती क्षेत्रों में बसने के लिए मदद दी जाएगी। 45 नए स्पाट टूरिज्म विकसित किए जाएंगे। छह हजार केंद्र और छह हजार राज्य सरकार किसान सम्मान निधि देगी। वहीं हर जिले में मेडिकल कालेज बनाने की बात भी कही गयी है। बीपीएल परिवार की मुखिया को तीन हजार रूपए देने और उत्तराखंड में सशक्त भू-कानून लागू करने की बात भी घोषणा पत्र में कही गयी है। इससे पूर्व देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दृष्टि पत्र का विमोचन किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित आदि लोग मौजूद रहे।