देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत जो भी कार्य हो रहे हैं उनमें स्मार्ट देहरादून के लिए सबसे अच्छा क्या किया जा सकता है इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक तय सीमा के अंतर्गत किए जाए। कहा कि जो भी कार्य किए जा रहे हैं उन्हें आने वाले 50 सालों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किए जाए। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई तो संबंधितों पर सख्त कारवाई की जाएगी। उन्होंने गढ़वाल कमिश्नर को भी स्मार्ट सिटी के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। कहा कि जन सुविधा के दृष्टिगत स्मार्ट सिटी के कार्य तेजी से पूर्ण किए जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता का पैसा जनहित में सही प्लानिंग से उपयोग हो। इसके लिए सभी विभाग एवं कार्यदाई संस्थाएं समन्वय के साथ कार्य करें। कहा कि देहरादून को आदर्श शहर बनाने के लिए और क्या किया जा सकता है, इसकी पूरी कार्ययोजना बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाए। शहर की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस बैठक में जन प्रतिनिधियों के जो भी सुझाव आये हैं, उन सभी सुझावों पर क्या उचित समाधान निकाले जा सकते हैं, इस पर ध्यान दिया जाए।