देहरादून। मंगलवार देर रात उत्तराखण्ड में भूकंप के झटकों ने हर किसी को दहशत में डाल दिया। यही नहीं आज सुबह फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 6 बजकर 27 मिनट पर पिथौरागढ़ में भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.3 मैग्नीट्यूड रही। भूकंप से नुकसान की कोई खबर नहीं है। इससे पहले देहरादून सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में रात 1.57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। ये झटका उस समय आया जब लोग गहरी नींद में थे। शहर के कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। वहीं, घरों की खिड़कियों को भी हिलता हुआ महसूस किया गया। नेशनल सेंटर ऑफ सिस्मोलाजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में था। इसके अलावा रुद्रप्रयाग जिले में भी भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। जानकारी के अनुसार, ऊखीमठ, जखोली, अगस्त्यमुनि विकास खंड में 1 बजकर 57 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के तेज झटकों के कारण लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, 9 नवंबर की देर रात करीब 1: 57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। देर रात 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी।