Connectivity में आएगा क्रांतिकारी बदलाव: किच्छा-खटीमा नई रेल लाइन से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बढ़ेगा तालमेल

Blog
 Image

ऊधमसिंह नगर जिले के विकास को एक नई ऊंचाई देने की दिशा में उत्तर पूर्वी रेलवे ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। लंबे समय से प्रतीक्षित किच्छा-खटीमा नई रेल लाइन परियोजना को रेलवे बोर्ड ने आधिकारिक मंजूरी दे दी है। ₹350.85 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बनने वाली यह 57.7 किलोमीटर लंबी रेल लाइन न केवल दो शहरों को जोड़ेगी, बल्कि कुमाऊं के सीमांत क्षेत्रों के लिए समृद्धि का नया द्वार भी खोलेगी।

लंबे इंतजार के बाद स्थानीय लोगों की एक बड़ी मांग पूरी होने जा रही है। उत्तर पूर्वी रेलवे ने किच्छा-खटीमा नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत 57.7 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी, जिसकी कुल स्वीकृत लागत 350.74 करोड़ रुपये तय की गई है। रेलवे की आधिकारिक सूची के अनुसार, परियोजना में 122.45 करोड़ पूंजीगत व्यय (कैपिटल), 20 करोड़ विशेष निधि और 207.40करोड़ डिपॉजिट मद से खर्च किए जाएंगे। यह नई लाइन किच्छा को सीमांत क्षेत्र खटीमा से सीधे जोड़ेगी और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगी। परियोजना के पूरा होने पर स्थानीय निवासियों, कारोबारियों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। खटीमा जैसे सीमांत इलाके तक बेहतर रेल सुविधा से आवागमन आसान होगा, औद्योगिक इकाइयों को गति मिलेगी और कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा बढ़ेगी। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पूरे क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा।  रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। वर्तमान में आवश्यक तकनीकी सर्वेक्षण, भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रशासनिक औपचारिकताएं तेजी से चल रही हैं। सभी मंजूरियां पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने कहा, “किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास के लिए अहम कदम है। 57.7 किमी लंबी इस लाइन से सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से जल्द शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। ऊधम सिंह नगर जिले के लोगों ने इस मंजूरी का स्वागत किया है। कई वर्षों से इस रेल लाइन की मांग चल रही थी। स्थानीय व्यापारी और युवा इसे रोजगार व व्यापार बढ़ाने वाला बड़ा अवसर मान रहे हैं। नई लाइन से खटीमा क्षेत्र न सिर्फ किच्छा बल्कि व्यापक रेल नेटवर्क से बेहतर जुड़ जाएगा, जिससे दक्षिण भारत और अन्य राज्यों की यात्रा भी सुगम हो सकेगी। यह परियोजना उत्तराखंड में रेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। निर्माण शुरू होने के बाद स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।