उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर पहुंचे जहां उन्होंने नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के पक्ष में जनसभा की। उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी और अजय भट्ट ने उनका स्वागत किया। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर कई जुबानी हमले किए। साथ ही केंद्र में मोदी सरकार और उत्तराखंड में धामी सरकार की योजनाओं का गुणगान किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाषण शुरू करते हुए मोदी और धामी सरकार की योजनाओं का बखान किया। उन्होंने बताया कि उनका बचपन ही उत्तराखंड में व्यतित हुआ है। उस दौरान 2 से 3 किमी दूर से पानी लाना पड़ता था लेकिन अब हर घर नल का जल है। डबल इंजन की सरकार बदरीनाथ और केदारनाथ को नई पहचान के साथ देश में प्रस्तुत कर रही है। मोदी सरकार की योजनाओं की बात करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा है। अगर आजादी के बाद स्वर्ण काल जो माना जाएगा वो मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल का रहेगा और इस कार्यकाल सुनहरे अक्षरों में लिखने के लिए उन्हें अगले 5 साल और देने होंगे। वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। लेकिन कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। उत्तराखंड ने यूसीसी विधेयक बनाया तो कांग्रेस को पीड़ा हो रही है. ये काम उत्तराखंड में पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस ने नहीं किया। योगी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच जो सालों से समस्याएं चली आ रही थीं उसका दोनों राज्यों के सीएम ने एक साथ बैठकर समाधान निकाला। योगी ने आगे कहा कि बीजेपी समस्या नहीं समाधान पर विश्वास करती है। इस समस्या का नाम तो कांग्रेस है, जिसने जीवनभर देश को समस्या दी चाहे वो देश के विभाजन की त्रासदी हो, आतंकवाद-नक्सलवाद-जातिवाद या भ्रष्टाचार की समस्या कांग्रेस की देन है। कांग्रेस ने इतनी समस्याएं दे दीं कि इसके समाधान के लिए देश को मोदी जी जैसा नेतृत्व मिला और 10 वर्ष में हम सबने बदलते भारत देखा है। अयोध्या मामले पर सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या विवाद कांग्रेस ने खड़ा किया था। कांग्रेस ने हर बार विवाद को टाला था। कांग्रेस ने सनातन धर्म के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े किए. लेकिन केंद्र में मोदी सरकार और यूपी में भाजपा सरकार ने नामुमकिन को भी मुमकिन कर दिखाया।