कहते हैं जीवन और मौत भगवान के हाथ में है, और जो एक बार चला गया तो फिर उसे भगवान भी वापस नहीं ला सकते। लेकिन अमेरिका में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया। हुआ यूं कि यहां कैथी पैटन नाम की एक महिला को हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गयी। दावा किया जाता है कि मौत के करीब 45 मिनट बाद वह दोबारा जीवित हो गयी। यही नहीं जीवित होने के बाद इस महिला ने अपने नाती के जन्म की खुशी भी मनाई। यह घटना सोशल मीडिया पर खासी सुर्खियां बटोर रहा है। ऑनलाइन साइट्स की मानें तो कैथी पैटन की बेटी प्रेगनेंट थी और प्रसव पीड़ा होने के चलते कैथी पैटन अपनी बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची थी तभी उन्हें अस्पताल में दिल का दौरा पड़ गया। बताया जाता कि डॉक्टरों ने कैथी की पल्स रेट देखी, जो बंद हो चुकी थी और उनके दिमाग तक ऑक्सीजन भी नहीं पहुंच रही थी। डॉक्टरों ने उनकी हालत देखने के बाद अंतिम प्रयास के तौर पर सीपीआर देना शुरू कर दिया। करीब 1 घंटे तक डॉक्टर्स कैथी को सीपीआर देते रहे। इसी दौरान करीब 45 मिनट बाद कैथी की सांसें फिर चलने लगीं, उनकी पल्स रेट लौट आई। डॉक्टर्स ने एक बार फिर उनकी जांच के बाद इस चमत्कार की पुष्टि कर दी कि कैथी दोबारा ज़िंदा हो चुकी हैं। उनको दूसरा जीवन मिलने के बाद उनकी बेटी ने एक बच्ची को जन्म दिया।