अल्मोड़ा। केन्द्र सरकार द्वारा पारित नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन करते हुए आज अल्मोड़ा में कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस दौरान जिलाध्यक्ष पीताम्बर पान्डेय के नेतृत्व में कांग्रेसी दोपहर 12 बजे गांधी पार्क में एकत्रित हुए तथा धरना देते हुए मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष पान्डेय ने कहा कि मोदी सरकार के काले कृषि कानूनों से परेशान होकर किसान विगत एक वर्षों से सड़क पर हैं परन्तु मोदी सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इन काले कृषि कानूनों से किसान परेशान हैं और लगातार सड़कों पर उतरकर इन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।लेकिन लगातार मोदी सरकार किसानों की मांग को अनसुना कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह सरकार लगातार अपनी हिटलरशाही का प्रदर्शन कर किसानों के हितों को दबाने का काम कर रही है जिसे कदापि सहन नहीं किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष पीताम्बर पान्डेय, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र बाराकोटी, पीसीसी सदस्य हर्ष कनवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, वरिष्ठ कांंग्रेसी बिन्दु रौतेला, पूर्व प्रदेश सचिव मनोज भण्डारी, जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, जिला सचिव दीपांशु पाण्डेय, नारायणदत्त पाण्डेय, महेश आर्या, अम्बीराम आर्या, शहाबुद्दीन, तारा जोशी, भानु सिंह बिष्ट, कमल नैनवाल, संजय रावत, पुष्पा पान्डेय, गीता मेहरा सहित दर्जनों कांग्रेसजन मौजूद थे।